गोवा में बिहार डेवलपमेंट समिट 2026, ‘नव बिहार’ के संकल्प पर हुआ महामंथन:


हिन्द सागर @गोवा: बिहार के विकास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों को नई गति देने के उद्देश्य से लेट्स इंस्पायर बिहार के तत्वावधान में बिहार डेवलपमेंट समिट 2026 का आयोजन गोवा के रविंद्र भवन में किया गया। आईपीएस विकास वैभव के नेतृत्व में आयोजित इस समिट में देश-विदेश से जुड़े बिहार के उद्यमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, निवेशकों, स्टार्टअप संस्थापकों और प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। समिट में ‘नव बिहार’ के विजन को केंद्र में रखते हुए बिहार के विकास, उद्यमिता, सामाजिक सहभागिता, महिला सशक्तिकरण और नवाचार की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा हुई। देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लोगों की भागीदारी ने बिहार के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता और राज्य के विकास में योगदान देने की भावना को रेखांकित किया।कार्यक्रम में बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री माननीय श्रेयसी सिंह तथा वास्को के माननीय विधायक कृष्णा दाजी सालकर जी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समिट का प्रमुख आकर्षण ‘बिहार @2047’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा रही। इसमें विजय संभव फाउंडेशन (वीएसएफ) के संस्थापक एवं चेयरमैन रवि राजहंस ने पैनलिस्ट के रूप में भाग लिया। उन्होंने बिहार के भविष्य के निर्माण में विकास, सामाजिक प्रभाव, सामुदायिक सहभागिता और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं विजय संभव फाउंडेशन की सह-संस्थापक, पेटेंट अटॉर्नी एवं आईपीआर प्रोफेशनल सोनल कीर्ति ने महिला सशक्तिकरण एवं बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) जागरूकता विषयक पैनल में भाग लिया। उन्होंने महिलाओं को नवाचार और बौद्धिक संपदा की जानकारी से सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि वे अपने विचारों और रचनात्मकता को सुरक्षित कर उद्यमिता के माध्यम से आर्थिक मूल्य का निर्माण कर सकें। एफिशिएंट इंडिया के सीईओ दीपक भास्कर ने उद्यमिता पैनल में भाग लेते हुए बिहार के युवाओं के लिए उद्यमिता, नवाचार और नए अवसरों की संभावनाओं पर चर्चा की। समिट ने बिहार के विकास के लिए सामूहिक संकल्प, नवाचार और उद्यमिता को मजबूत करते हुए वर्ष 2047 तक एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में नई उम्मीद जगाई।