- कल्याण ग्रामीण में जांच करने गई LCB की टीम पर हमला ।
- राजन दुबे , कौशल हिरानंद झा समेत 21 लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज ।
कल्याण : टिटवाला के कल्याण तालुका पुलिस थाना क्षेत्र में एक आपराधिक मामले की समानांतर जांच करने पहुंचे ठाणे ग्रामीण स्थानीय अपराध शाखा (LCB) के पुलिस दल के साथ धक्कामुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार ठाणे ग्रामीण LCB में कार्यरत पुलिस उपनिरीक्षक भाऊसाहेब अशोक गायकवाड़ अपनी टीम के साथ कल्याण तालुका थाने में दर्ज उस अपराध की जांच कर रहे थे, जिसमें वरप गांव में गरबा के दौरान आरोपियों द्वारा तलवार लहराने और धमकाने का वीडियो वायरल हुआ था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि म्हारल गांव परिसर में वांछित आरोपी म्हारलपाड़ा निवासी कौशल हिरानंद झा मौजूद है। सूचना के आधार पर 20 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे पुलिस टीम कांबा क्षेत्र में स्थित ‘महाराज चायवाला’ होटल के पास पहुंची और कौशल झा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान हंगामा
आरोप है कि पूछताछ के दौरान कौशल झा ने पुलिस पर जानबूझकर परेशान करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और धमकी दी। उसी दौरान होटल में मौजूद डोंबिवली निवासी राजन दुबे ने खुद को एक बड़े राजनीतिक दल का कार्यकर्ता बताते हुए पुलिसकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद वहां जमा 20 से 25 लोगों ने पुलिस दल के साथ धक्कामुक्की की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई।
पुलिस जब कौशल झा को निजी वाहन से कल्याण तालुका पुलिस थाने ले जा रही थी, तब आरोप है कि राजन दुबे और उसके साथियों ने चार पहिया और दो पहिया वाहनों से पुलिस के वाहन का पीछा किया। इस दौरान कौशल झा ने गाली-गलौज की, वाहन की सीट पर अपना सिर पटकने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों को नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। इस मामले में कौशल हिरानंद झा, राजन दुबे समेत 21 लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। कल्याण तालुका पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Post Views: 576