‘कौन होगा करोड़पति’ के ग्रैंड लॉन्च में माधुरी दीक्षित और सोनाली बेंद्रे की खास मुलाकात

12 अक्टूबर को रात 9 बजे सोनी मराठी और सोनी लिव पर होगा नए सीजन का आगाज

हिन्द सागर संवाददाता, मुंबई: मनोरंजन जगत की दो लोकप्रिय अभिनेत्रियां माधुरी दीक्षित और सोनाली बेंद्रे पहली बार ‘कौन होगा करोड़पति’ के मंच पर एक साथ नजर आएंगी। सोनी मराठी के लोकप्रिय क्विज शो के नए सीजन का शुभारंभ सोमवार, 12 अक्टूबर को रात 9 बजे होगा। इस खास ग्रैंड लॉन्च एपिसोड में माधुरी दीक्षित होस्ट की भूमिका निभाएंगी, जबकि सोनाली बेंद्रे हॉट सीट पर बैठकर खेल में हिस्सा लेंगी। ‘अब खेल बदलेगा’ के नारे के साथ शुरू हो रहे इस सीजन में दर्शकों को मनोरंजन, रोचक सवालों और सितारों की दिलचस्प बातचीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

माधुरी दीक्षित और सोनाली बेंद्रे ने अपने-अपने फिल्मी करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। हालांकि, दोनों अभिनेत्रियों ने अब तक किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। ऐसे में पहली बार एक ही मंच पर उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगी। एपिसोड के दौरान दोनों अपने फिल्मी सफर, पुरानी यादों और निजी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा करेंगी। माधुरी ने सोनाली के साथ मंच साझा करने को खुशी और उत्सव का पल बताते हुए कहा कि उनके लिए यह अनुभव बेहद खास है।

इस विशेष एपिसोड में सोनाली बेंद्रे पशु कल्याण के प्रति अपने लगाव को भी सामने रखेंगी। वह ‘हैप्पी पेट फाउंडेशन’ के कार्यों का समर्थन करने के साथ अपने ‘हैप्पी पॉडकास्ट’ पहल के बारे में भी चर्चा करेंगी। इसके अलावा, घर-परिवार की जिम्मेदारियों और उनके बेहतर प्रबंधन पर दोनों अभिनेत्रियों के बीच हल्की-फुल्की बातचीत होगी। सोनाली अपनी सास से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाते हुए बताएंगी कि उनकी सास उन्हें रसोई में काम नहीं करने देतीं। दोनों इस बात पर सहमत नजर आएंगी कि घर को बेहतर तरीके से चलाने के लिए जिम्मेदारियों का बंटवारा, सही योजना और आपसी सहयोग जरूरी है।

माधुरी दीक्षित को शो की होस्ट के रूप में देखकर सोनाली बेंद्रे ने खुशी जाहिर की और कहा कि वह हमेशा से माधुरी की प्रशंसक रही हैं। सोनाली के मुताबिक, माधुरी का स्नेहपूर्ण स्वभाव उन्हें एक बेहतरीन होस्ट बनाता है। उन्होंने माधुरी के अभिनय और नृत्य की भी सराहना की। वहीं, माधुरी ने सोनाली के साथ इस नए सफर की शुरुआत को यादगार बताया। पुरानी यादों, दिलचस्प खुलासों, मनोरंजन और सामाजिक सरोकारों से सजा ‘कौन होगा करोड़पति’ का ग्रैंड ओपनिंग एपिसोड सोमवार, 12 अक्टूबर को रात 9 बजे सोनी मराठी और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।