धमकी मिलते ही पुलिस को सूचित करना चाहिए था, टाइगर श्रॉफ मामले पर बोले पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा 

  • धमकी मिलते ही पुलिस को सूचित करना चाहिए था, टाइगर श्रॉफ मामले पर बोले पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा 
मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली कथित धमकी को लेकर मुंबई पुलिस के पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने अपनी राय रखी है। एक साक्षात्कार में प्रदीप शर्मा ने कहा कि अगर टाइगर श्रॉफ को धमकी मिली थी तो उन्हें तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को देनी चाहिए थी। समय पर सूचना मिलने पर पुलिस जरूरी कदम उठाकर संभावित घटना को रोक सकती थी। प्रदीप शर्मा करीब तीन दशक तक पुलिस सेवा में रहे हैं। उनके नाम 112 एनकाउंटर दर्ज होने की बात कही जाती है। दाऊद इब्राहिम, अबू सलेम, छोटा राजन और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े मामलों में भी उनकी भूमिका चर्चा में रही है। शर्मा ने कहा कि कथित आपराधिक गिरोह यूपी, बिहार और दिल्ली के जरूरतमंद और बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर मुंबई लाते हैं और किसी टारगेट पर फायरिंग करवा देते हैं। कई बार इन युवाओं को यह भी नहीं पता होता कि वे किस पर गोली चला रहे हैं। वारदात के बाद वे फरार हो जाते हैं। बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड के दखल का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि पहले दाऊद इब्राहिम, अनीस इब्राहिम और अबू सलेम जैसे नाम वसूली के मामलों में चर्चा में रहते थे। उस दौर में पुलिस ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर शर्मा ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह गैंग मुंबई में आसानी से अपना प्रभाव जमा पाएगा। उन्होंने आशंका जताई कि जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल कर कोई दूसरा व्यक्ति या गैंग बॉलीवुड में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बॉलीवुड हस्तियों से अपील की कि किसी भी तरह की धमकी को नजरअंदाज न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम किए जा सकें।