कल्याण-डोंबिवली के अगले 25 साल के जल संकट के लिए समग्र योजना बनाओ, सलाहकार नियुक्त करने की दिपेश म्हात्रे की मांग ।

  • कल्याण-डोंबिवली के अगले 25 साल के जल संकट के लिए समग्र योजना बनाओ, सलाहकार नियुक्त करने की दिपेश म्हात्रे की मांग ।
कल्याण :  कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की कल हुई महासभा में शहर के लिए स्वतंत्र बांध बनाने हेतु सलाहकार नियुक्त करने का विषय रखा गया था। इस पर अपनी बात रखते हुए नगरसेवक दिपेश पुंडलिक म्हात्रे ने कहा कि सिर्फ बांध बना देने से शहर का पानी संकट खत्म नहीं होगा, बल्कि पानी के स्रोत से लेकर नागरिकों तक पानी पहुंचाने तक की पूरी व्यवस्था का रोडमैप तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र की सभी नगर निगमों की संयुक्त जलापूर्ति को लेकर शासन ने नीति बनाने का निर्णय लिया है। बांध का निर्माण जलसंपदा विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है और वह विभाग वह जिम्मेदारी निभाएगा, लेकिन बांध बनने के बाद शहर को पर्याप्त पानी मिले, इसके लिए अन्य व्यवस्थाओं की योजना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। बांध के लिए ऐसा जलग्रहण क्षेत्र तय करना जरूरी है जहां पर्याप्त बारिश की संभावना हो, वहां से गुरुत्वाकर्षण के माध्यम से पानी कल्याण-डोंबिवली तक लाने की संभावना परखना, जरूरी पाइपलाइन बिछाना, जल शुद्धिकरण केंद्र में पानी को शुद्ध करना और फिर नागरिकों तक पहुंचाना – इन सभी बिंदुओं का तकनीकी, आर्थिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण से गहन अध्ययन कर समग्र योजना बनाना आवश्यक है। इसके लिए विशेषज्ञ सलाहकार की नियुक्ति कर भविष्य की जलापूर्ति की योजना आज से ही बनाई जाए। नागरिकों को भविष्य में जल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए आज ही ठोस निर्णय लेना जरूरी है। सही जलग्रहण क्षेत्र का चयन, पानी लाने की व्यवस्था, शुद्धिकरण और वितरण का संयुक्त खाका तैयार करने से अगले 25 साल के जल संकट का स्थायी समाधान निकल सकता है। इसी आधार पर नगरसेवक दपेश म्हात्रे ने महासभा में आयुक्त और महापौर से सलाहकार नियुक्त करने की पुरजोर मांग की।