सांस्कृतिक एकता का संदेश देगा नागोबा फाउंडेशन का भव्य नवरात्रोत्सव

मीरा-भाईंदर : हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे मैदान में नागोबा फाउंडेशन की ओर से 15वें भव्य नवरात्रोत्सव का आयोजन 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। यह उत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

वर्ष 2012 से अध्यक्ष शंकर विरकर के नेतृत्व में आयोजित हो रहे इस नवरात्रोत्सव में इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं और गरबा प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस आयोजन में भाजपा नगरसेविका आकांक्षा विरकर और अपेक्षा विरकर की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। उत्सव को लेकर स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन के संबंध में शंकर विरकर ने बताया कि नवरात्रोत्सव में सभी के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है। बिना किसी पास के युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में गरबा-डांडिया का आनंद ले सकते हैं। विभिन्न समुदायों की सहभागिता इस उत्सव को सांस्कृतिक एकता और पारिवारिक सौहार्द का अनूठा मंच बना रही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे, निजी सुरक्षा गार्ड, पुलिस बल और स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात की गई है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह नौ दिवसीय उत्सव धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की मिसाल पेश करेगा।