महासभा में शहर की बदहाल सड़कों और बढ़ते गड्ढों का मुद्दा गरमाया ।

  • महासभा में शहर की बदहाल सड़कों और बढ़ते गड्ढों का मुद्दा गरमाया ।

कल्याण : कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) की महासभा में शहर की बदहाल सड़कों और बढ़ते गड्ढों का मुद्दा गरमाया रहा। बीच सड़कों की खराब स्थिति को लेकर नगरसेवकों ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया। गड्ढे भरने में हो रही देरी पर जब जवाब मांगा गया तो प्रशासन ने डामर और तारकोल की कमी का हवाला देते हुए अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया।भाजपा नगरसेवक वरुण पाटिल ने शहरभर में गड्ढों और फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि आखिर अब तक गड्ढे भरने का टेंडर क्यों पास नहीं हो पाया। जवाब में कार्यकारी अभियंता संदीप तांबे ने कहा कि ईरान में चल रहे युद्ध के कारण डामर और तारकोल की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिससे मरम्मत कार्यों में बाधा आ रही है। प्रशासन की इस सफाई पर वरुण पाटिल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समस्या सामग्री की नहीं, बल्कि अधिकारियों की कार्यशैली और इच्छाशक्ति की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन गड्ढे भरने को लेकर गंभीर नहीं है और नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कांग्रेस नगरसेविका कांचन कुलकर्णी ने भी प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अधिकारी समय रहते कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना या जनहानि के बाद ही जागेगा। महासभा में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नगरसेवकों ने एकजुट होकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और तत्काल गड्ढे भरने के काम शुरू करने की मांग की। बरसात के मौसम में सड़कों की दुर्दशा को लेकर नागरिकों की बढ़ती नाराजगी भी चर्चा का प्रमुख विषय रही।