- डोंबिवली में निर्माणाधीन साइट से 15 लाख की एल्युमिनियम प्लेटों की चोरी! विष्णुनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार, 87 प्लेटें बरामद
डोंबिवली : डोंबिवली पश्चिम के मोठागांव – माणकोली पुल के पास स्वामीनारायण सिटी की निर्माणाधीन स्कूल की 12 मंजिला इमारत से करीब 15 लाख रुपये की एल्युमिनियम प्लेटें चोरी करने वाले गिरोह का विष्णुनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 6.91 लाख रुपये की 87 एल्युमिनियम प्लेटें और चोरी में इस्तेमाल सामान बरामद किया है। फरार आरोपी और मुख्य सूत्रधार की तलाश जारी है। इमारत का निर्माण कार्य कुछ दिनों से बंद था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने पहले परिसर की रेकी की और चोरी की योजना बनाई। स्वामीनारायण स्कूल के पीछे का रास्ता चुना, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। 20 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच आरोपियों ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली 182 एल्युमिनियम प्लेटें चुरा लीं। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राम चोपड़े के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक अभिजीत मोरे की टीम ने जांच शुरू की। पुल के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी में इस्तेमाल टेम्पो की गतिविधि कैद हुई। इसी सूत्र से पुलिस टेम्पो मालिक तक पहुंची और 13 नवंबर को अमितकुमार जयराम शिल्पकार (22) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने इसके बाद राहुल प्रल्हाद पागी (19), आदित्य मनेश खाजिंदे (20), प्रकाश रामदेव घोडाव (31) और सागर मनोहर घाडाळ (31) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 87 एल्युमिनियम प्लेटें और टाटा कंपनी का टेम्पो जब्त किया गया है। साइट इंजीनियर यशराज ज्ञानेश्वर पाटील की शिकायत पर विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ था।
