- लगातार बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर नागरिकों में भारी असंतोष है। : रवि पाटिल
कल्याण : बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते जनआक्रोश के बीच शिवसेना ने सोमवार को कल्याण स्थित महावितरण के तेजश्री कार्यालय पर जोरदार मोर्चा निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगरसेवक और नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने महावितरण के मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर योजना और बढ़ते बिजली बिलों बिजली कटौती के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया। शिवसेना कल्याण शहर प्रमुख रवि पाटिल ने कहा कि लगातार बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर नागरिकों में भारी असंतोष है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिवसेना शाखा में शिकायतें दर्ज कराई हैं कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक आ रहे हैं। रवि पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी यह स्पष्ट कर चुके हैं कि सर्वसामान्य लोगों के घरों में स्मार्ट मीटर अनिवार्य रूप से नहीं लगाए जाने चाहिए। इसके बावजूद यदि महावितरण स्मार्ट मीटर लगाने को बाध्य करता है या बिजली दरों में बढ़ोतरी करता है, तो शिवसेना राज्यभर में आक्रामक आंदोलन छेड़ेगी। मोर्चे के दौरान शिवसेना की महिला कार्यकर्ताओं ने भी अपना आक्रोश व्यक्त किया। महिला पदाधिकारी रानी कपोते ने विरोध स्वरूप महावितरण अधिकारियों को चूड़ियां भेंट कर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महावितरण जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। शिवसेना नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिलों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान महावितरण अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की मांगें सुनकर उन्हें उच्च स्तर पर पहुंचाने का आश्वासन दिया।
