- कल्याण-डोंबिवली में विकास कार्यों को गति! 30 साल से लंबित बारावे – खडकपाड़ा रोड का डामरीकरण पूरा, 20 हजार नागरिकों को राहत ।
डोंबिवली : कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका में सिटी इंजीनियर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी डॉ. शैलेश कुलकर्णी को सौंपे जाने के बाद विकास कार्यों को गति मिलने के संकेत दिखने लगे हैं। करीब 30 वर्षों से लंबित कल्याण पश्चिम बारावे, खडकपाड़ा रोड का डामरीकरण 19 नवंबर को पूरा किया गया। इस सड़क के तैयार होने से क्षेत्र के लगभग 20 हजार नागरिकों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से अटके इस काम का पूरा होना महानगरपालिका के लिए एक सकारात्मक उपलब्धि मानी जा रही है। करीब तीन दशक तक सड़क का काम लंबित रहने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब डामरीकरण पूरा होने से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। केडीएमसी में सिटी इंजीनियर का पद बेहद अहम माना जाता है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण और नागरिकों की बढ़ती जरूरतों के बीच सड़क, पुल, नाले, जल निकासी, सार्वजनिक निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करना बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे में डॉ. शैलेश कुलकर्णी की तकनीकी समझ और विकास परियोजनाओं से जुड़ा अनुभव महानगरपालिका के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। कल्याण-डोंबिवली के साथ महानगरपालिका में शामिल 27 गांवों में भी बुनियादी सुविधाओं का समान रूप से विकास करना जरूरी है। नागरिकों को बेहतर सड़कें, नियमित जलापूर्ति और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए विभागीय समन्वय और प्रभावी निगरानी की आवश्यकता है। केडीएमसी आयुक्त अभिनव गोयल के मार्गदर्शन में डॉ. शैलेश कुलकर्णी के नेतृत्व से विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। केडीएमसी के सिटी इंजीनियर डॉ. शैलेश कुलकर्णी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सीधा लाभ नागरिकों तक पहुंचे। वर्षों से लंबित कार्यों को प्राथमिकता देकर समयबद्ध तरीके से पूरा करना, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखना और शहर की बुनियादी सुविधाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना हमारा लक्ष्य है। स्टेम रोड का डामरीकरण इसी दिशा में एक सकारात्मक कदम है। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना ही हमारी प्राथमिकता है।
