विश्वेश्वरैया कॉलेज मैदान में 12 वा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन:

विश्वेश्वरैया कॉलेज मैदान में 12 वा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन:

हिन्द सागर@संवाददाता मदन लाल सेठी, बेंगलुरू:बेंगलुरु, 21 जून 12 वा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज प्रातः 6:30 बजे विश्वेश्वरैया कॉलेज मैदान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के सभी आयु वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीन वर्ष के नन्हे बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक के वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष और प्रेरणा दायक बना दिया।सुबह की ताज़गी भरी हवा के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएं, युवा, बच्चे तथा वरिष्ठजन उपस्थित रहे। प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। पूरे मैदान में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। छोटे बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर सभी का मन मोह लिया, वहीं वरिष्ठ नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाकर यह संदेश दिया कि योग किसी भी आयु में स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन बनाए रखने का सशक्त माध्यम है।आयोजकों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। विभिन्न आयु वर्गों की उल्लेखनीय उपस्थिति और उत्साहपूर्ण भागीदारी ने विश्वेश्वरैया कॉलेज मैदान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह को पूर्णतः सफल और यादगार बना दिया।