खारीगांव में बाबा बर्फानी के होंगे भव्य दर्शन

खारीगांव महादेव मंदिर में 23-24 अगस्त को विशेष आयोजन

चतुर्भुजा पाण्डेय @ हिन्द सागर
मीरा भाईंदर: खारीगांव, भाईंदर (पूर्व) स्थित श्री महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिवार की ओर से रविवार 23 अगस्त 2026 को शाम 5 से 8 बजे तक 29 वर्षों से लगातार जंगल की गुफा में बर्फ पर चलते हुए बाबा अमरनाथ के भव्य स्वरूप के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन की जानकारी देते हुए मंदिर के पुजारी पं. ओमप्रकाश एन. श्रीमाली ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर दर्शन एवं आशीर्वाद लेने का आह्वान किया गया है।

सोमवार 24 अगस्त को भगवान महादेव का 56 भोग से अन्नकूट श्रृंगार किया जाएगा। 56 भोग में 150 से अधिक अलग-अलग मंदिरों तथा देवी-देवताओं के भोग को समलित किया जाएगा।
इस दिन भी शाम 5 से 8 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। मंदिर में आरती का समय शाम 7 बजे निर्धारित किया गया है। महादेव श्रीपत कदम परिवार की ओर से सावन मास में बाबा बर्फानी के दर्शन हेतु सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया है।

1997 से लगातार हो रहा विशेष झांकियों का आयोजन

खारीगांव स्थित श्री महादेव मंदिर में स्थापना काल 1982 से ही इस मंदिर की बड़ी मान्यता रही है। वर्ष 1997 से अलग-अलग आकर्षक झांकियों और विशेष श्रृंगार के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए भगवान भोलेनाथ के दर्शन की व्यवस्था की जाती रही है।
यह धार्मिक आयोजन लगातार हर साल आयोजित किया जा रहा है। खास बात यह है कि पूरे आयोजन में आम जनता का सहयोग रहता है और श्रद्धालु बढ़-चढ़कर दान देते हैं। आयोजन में सहयोग करने वाले कई दानदाता अपना नाम सार्वजनिक न कर गुप्त रूप से सेवा और सहयोग करना पसंद करते हैं।

मनमोहक झांकियों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

श्री महादेव मंदिर में हर वर्ष श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक धार्मिक झांकियां तैयार की जाती हैं। इनमें अमरनाथ गुफा, एक साथ 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, विभिन्न दिव्य ज्योतिर्लिंग मंदिरों की झांकियां तथा कैलाश पर्वत पर विराजमान भगवान शिव की आराधना सहित कई स्वरूप शामिल रहे हैं। इस बार बर्फ पर चलते हुए शिवलिंग के दर्शन की मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अनोखी और भव्य झांकी को लेकर श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

महादेव कदम की विरासत को परिवार ने आगे बढ़ाया

खारीगांव स्थित श्री महादेव मंदिर का निर्माण वर्ष 1982 में महादेव कदम ने कराया था। उनके बाद उनकी धार्मिक विरासत को उनके चारों पुत्र अशोक महादेव कदम, रमाकांत महादेव कदम, बबुदा महादेव कदम और रमेश महादेव कदम ने आगे बढ़ाया। मंदिर में भव्य धार्मिक झांकियों की शुरुआत महेंद्र अशोक कदम की स्मृति में की गई। महादेव के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा और लोगों को भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन कराने की उनकी भावना को आगे बढ़ाते हुए परिवार की ओर से हर वर्ष अलग-अलग आकर्षक झांकियां तैयार की जाती हैं।