- प्रशासन पर दबाव बनाने और धमकाने वाले ठेकेदारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। : दिपेश म्हात्रे
कल्याण : मानसून पूर्व नाला सफाई कार्य में कथित गड़बड़ियों का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। कल्याण पूर्व में नाला निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य पर सवाल उठाने वाले केडीएमसी अधिकारियों को ही ठेकेदारों ने धमकाने का प्रयास किया। इस घटना के बाद मनपा प्रशासन में खलबली मच गई है। बुधवार को स्थायी समिति की बैठक में यह मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। समिति ने आयुक्त अभिनव गोयल को निर्देश दिया कि अधिकारियों को धमकाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कोलसेवाड़ी पुलिस थाने में सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने का मामला दर्ज कराया जाए। साथ ही आपराधिक पृष्ठभूमि वाले ठेकेदारों पर भी कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।स्थायी समिति सदस्य दिपेश म्हात्रे ने कहा कि प्रशासन पर दबाव बनाने और धमकाने वाले ठेकेदारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं मनपा के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कुछ ठेकेदार नाला सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहे हैं और जब उनसे जवाब मांगा जाता है तो वे धमकी देने लगते हैं।अब सभी की निगाहें आयुक्त अभिनव गोयल के अगले कदम पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या प्रशासन ठेकेदारों की दबंगई पर सख्त कार्रवाई कर उदाहरण पेश करेगा या मामला केवल बैठकों तक ही सीमित रहेगा।
