कोनेना अग्रहारा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस:

मदन सेठी@हिन्द सागर, बेंगलुरु: 15 अगस्त 2026 कोनेना अग्रहारा में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गर्व और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में मुरली मोहन, चन्द्रशेखर एवं सी.वी. रमन नगर के विधायक एस. रघु ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।ध्वजारोहण के साथ ही उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम स्थल “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। स्थानीय निवासियों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाया।
इस अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा अपने क्षेत्र और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया। मुरली मोहन ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं विधायक एस. रघु ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। बच्चों और युवाओं की भागीदारी ने समारोह में विशेष ऊर्जा भर दी। अंत में सभी ने राष्ट्र की प्रगति, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए देशहित में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।स्वतंत्रता दिवस की खुसी मैं मिठाई बाटी गयी।