- कमलादेवी शिक्षण संस्था में निःशुल्क नेत्र एवं मोतियाबिंद जाँच शिविर का सफल आयोजन, 110 लाभार्थियों ने उठाया लाभ ।
कल्याण : कमलादेवी शिक्षण संस्था एवं शांतिलाल संघवी आई इंस्टीट्यूट, मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को कमलादेवी कॉलेज, कैलाशनगर, विठ्ठलवाड़ी (पूर्व), कल्याण में ‘सुदर्शन’ निःशुल्क मोतियाबिंद एवं संपूर्ण नेत्र रोग निदान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी आँखों की निःशुल्क जाँच कराई। शिविर का उद्घाटन एवं निरीक्षण विभिन्न गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर शरद पाटिल (जिला प्रमुख, शिवसेना उबाठा), नारायण पाटिल (उपजिला प्रमुख, शिवसेना उबाठा), हेमंत चौधरी (शहर प्रमुख, शिवसेना उबाठा), मीना ताई मालवे (महिला जिलासंघटक, शिवसेना उबाठा), दत्ताराम नार्वेकर (शाखा प्रमुख, शिवसेना उबाठा), श्वेता तिवारी-पांडे (कोषाध्यक्ष, कमलादेवी शिक्षण संस्था), अधिकराव सुपुगड़े, कमलाकर आगावने, निलेश मिश्रा, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सिम्मी सिंह, कमलादेवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक अमर मुनेश्वर तथा महाविद्यालय के रजिस्ट्रार सचिन चौधरी सहित अनेक मान्यवर उपस्थित रहे। शिविर में कुल 110 लाभार्थियों की नेत्र जाँच की गई। जाँच के दौरान 29 मरीजों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) की पुष्टि हुई। इन सभी मरीजों के लिए 11 अगस्त 2026 को शांतिलाल संघवी आई इंस्टीट्यूट, मुंबई में निःशुल्क शल्यचिकित्सा हेतु ले जाने की विशेष व्यवस्था की गई है। मरीजों के आने-जाने, उपचार एवं आवश्यक सुविधाएँ भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएँगी। कमलादेवी शिक्षण संस्था ने इस जनहितकारी स्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं स्वास्थ्योपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
