प्रताप सरनाईक के प्रयासों से मिलेगा गटई कामगारों को न्याय
बड़े शोरूम वालों के सुपारी से गरीब चर्मकारों पर हो रही कार्रवाई
7/11 कंपनी द्वारा महासभा को चलाए जाने का लग रहा आरोप
बहुमत के नशे में भाजपा कर रही भूमिपुत्रों पर कार्यवाही
भाजपा नगरसेवकों के प्रस्ताव से चर्मकार समाज में आक्रोश
मंत्री प्रताप सरनाईक ने दिया न्याय का भरोसा
भाजपा नगरसेवकों के प्रस्ताव का खामियाजा भुगत रहे मीरा-भाईंदरवासी!
खेल के मैदान में आंदोलन और खुले में सुखाए जा रहे जानवरों के चमड़े से नागरिक परेशान
हिन्द सागर @ चतुर्भुजा पाण्डेय
मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की महासभा में गटई चर्मकार कामगारों के स्टॉल के खिलाफ पारित प्रस्ताव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भाईंदर पश्चिम स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान में 19 नवंबर से चर्मकार समाज के लोग परिवार सहित चूल-मूल धरना आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का गंभीर आरोप है कि बड़े शोरूम संचालकों के दबाव और कथित मिलीभगत के चलते भाजपा शासित महानगरपालिका की महासभा ने गटई स्टॉलधारकों के खिलाफ अन्यायपूर्ण प्रस्ताव पारित कर उनके लाइसेंस रद्द कर दिए। इससे वर्षों से छोटे स्टॉलों के सहारे परिवार पालने वाले भूमिपुत्र चर्मकार कामगारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रशासन को बार-बार लिखित शिकायतें और निवेदन देने के बावजूद न्याय नहीं मिलने पर उन्हें परिवार सहित सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।
आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों से बातचीत की और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने आंदोलन स्थल से ही महानगरपालिका आयुक्त को फोन कर गटई स्टॉलधारकों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर पुनर्विचार करने को कहा। सरनाईक ने बताया कि महासभा के विवादित प्रस्ताव को रद्द कराने के लिए उन्होंने नगर विकास विभाग के प्रमुख एकनाथ शिंदे को पत्र लिखा है। उन्होंने आयुक्त से कहा कि मामले में अंतिम निर्णय होने तक स्टॉलधारकों के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई स्थगित रखी जाए और उन्हें उनके मूल स्थान पर व्यवसाय करने दिया जाए। संबंधित पत्र की प्रति चर्मकार संघ के अध्यक्ष को सौंपते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि चर्मकार समाज के भूमिपुत्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बड़े शोरूम संचालकों के दबाव में फैसला लेने का आरोप
आंदोलनकारियों ने भाजपा नगरसेवकों के प्रस्ताव और मनपा प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से छोटे गटई कामगारों के रोजगार पर प्रहार किया जा रहा है। सवाल उठ रहा है कि वर्षों से परंपरागत व्यवसाय कर रहे गरीब चर्मकार परिवारों के पुनर्वास और रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना उनके खिलाफ कठोर निर्णय क्यों लिया गया? आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र न्यायसंगत समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
पांच मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई
गटई चर्मकार कामगारों ने प्रशासन के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं।
1. गटई स्टॉलधारकों के खिलाफ पारित विवादित प्रस्ताव तत्काल रद्द किया जाए।
2. सभी प्रभावित कामगारों को उनके मूल स्थान पर पुनः व्यवसाय करने की अनुमति दी जाए।
3. महासभा में प्रस्ताव पारित करने की प्रक्रिया और संबंधित प्रशासनिक कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
4. जांच में कानून का उल्लंघन पाए जाने पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाए।
5. चर्मकार समाज के प्रतिनिधियों को महानगरपालिका की आधिकारिक सलाहकार समिति में शामिल किया जाए।
इन मांगों को लेकर मीरा-भाईंदर शहर चर्मकार संस्था, सकल चर्मकार समाज महाराष्ट्र राज्य तथा वंचित बहुजन आघाड़ी ने आंदोलन को समर्थन दिया है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रशासनिक विवाद का खामियाजा आम जनता को!
खेल के मैदान में धरना, बच्चों और खिलाड़ियों की बढ़ी परेशानी: भाईंदर पश्चिम स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान में चर्मकार समाज के परिवारों सहित चल रहे धरना आंदोलन का असर अब आम नागरिकों पर भी पड़ने लगा है। सुबह टहलने आने वाले वरिष्ठ नागरिकों, खेलकूद करने वाले बच्चों और युवाओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि महानगरपालिका प्रशासन को समय रहते चर्मकार समाज की समस्याओं का समाधान करना चाहिए था, ताकि आंदोलन के लिए सार्वजनिक खेल मैदान का सहारा लेने की नौबत ही नहीं आती। मैदान की स्वच्छता, सुरक्षा और खेल गतिविधियों को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
भाजपा नगरसेवकों के प्रस्ताव और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस विवाद ने सत्ताधारी भाजपा नगरसेवकों के निर्णयों और महानगरपालिका प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ गरीब चर्मकार कामगार अपनी आजीविका बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ सार्वजनिक मैदान का नियमित उपयोग करने वाले नागरिक परेशान हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या मनपा प्रशासन मंत्री प्रताप सरनाईक की पहल के बाद विवादित प्रस्ताव पर पुनर्विचार कर कामगारों को राहत देगा, या प्रशासनिक उदासीनता के कारण यह आंदोलन और लंबा खिंचेगा? पूरे मामले पर अब मीरा-भाईंदरवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।