बिलाड़ा मूल निवासी कांचीपुरम की बेटी निहाद्रि सीरवी ने राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण पदक:
हिन्द सागर @सम्वाददाता, कांचीपुरम: बिलाड़ा मूल निवासी एवं वर्तमान में तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के उत्तीरामेरूर निवासी निहाद्रि सीरवी ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सब जूनियर किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर सीरवी समाज, राजस्थान एवं तमिलनाडु का नाम गौरवान्वित किया है। मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित इंदौर पब्लिक स्कूल में 17 से 21 जून 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में निहाद्रि ने 55 किलोग्राम वर्ग में भाग लेते हुए ‘पॉइंट फाइट’ एवं ‘लाइट कॉन्टैक्ट’ दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। पूरे प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की। निहाद्रि, बिलाड़ा मूल निवासी सुरेंद्र सिंह राठौड़ की सुपुत्री एवं नैन सिंह राठौड़ की पौत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे सीरवी समाज में हर्ष का वातावरण है। इस गौरवपूर्ण सफलता पर दादा, बड़े पिता महेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह तथा समस्त राठौड़ परिवार ने निहाद्रि को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने भी इस उपलब्धि को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताते हुए निहाद्रि को बधाई प्रेषित की है।