- शिवसेना की प्रभारी राष्ट्रीय सचिव बनीं शायना एन. सी. ,संगठन विस्तार और महिला नेतृत्व को मिलेगी नई मजबूती ।
प्रमोद कुमार
मुंबई : शिवसेना ने पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए वरिष्ठ नेता शायना एन. सी को प्रभारी राष्ट्रीय सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति शिवसेना के मुख्य नेता तथा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेशानुसार की गई है। यह नियुक्ति 1 मई 2026 से अगले एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगी। शायना एन. सी. लंबे समय से सामाजिक, राजनीतिक और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रही हैं। वे अपनी स्पष्ट वक्तृत्व शैली, संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क के लिए जानी जाती हैं। फैशन डिजाइनिंग और सामाजिक क्षेत्र से सार्वजनिक जीवन में आईं शायना ने राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्हें बाळासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व विचार और धर्मवीर आनंद दिघे की जनसेवा की सीख को आम लोगों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही मुंबई समेत राज्यभर में महिला कार्यकर्ताओं को संगठित करने और पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने में भी उनकी अहम भूमिका रहने वाली है। शिवसेना पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
