- कल्याण-डोंबिवली जल्द बनेगा विकास और रोजगार का बड़ा केंद्र – सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे
- कल्याण से मुंबई, नवी मुंबई और वसई-विरार के लिए जल्द शुरू होगी जल परिवहन सेवा
मुंबई : शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि महायुति सरकार मुंबई पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए एमएमआर क्षेत्र में बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं शुरू कर रही है। डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक हब, मेट्रो विस्तार और जल परिवहन जैसी परियोजनाओं के कारण कल्याण-डोंबिवली आने वाले समय में विकास और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि बढ़वण बंदरगाह परियोजना में करीब ७५ हजार करोड़ का निवेश होगा, जिससे लाखों रोजगार पैदा होंगे। वहीं कल्याण रोड, ऐरोली-कटई फ्रीवे, मेट्रो और वॉटर ट्रांसपोर्ट परियोजनाओं से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना के तहत देशभर में १०१ जलमार्ग विकसित किए जा रहे हैं। इसी के तहत कल्याण को जलमार्ग के जरिए मुंबई, नवी मुंबई और वसई-विरार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए जेट्टी निर्माण का काम भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि एमएमआर क्षेत्र में करीब ४ लाख करोड़ की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। साथ ही मुंबई और आसपास के इलाकों में ३७७ किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे और मुंबई तक रोज यात्रा करने की जरूरत कम होगी। डॉ. श्रीकांत शिंदे ने यह भी बताया कि बदलापुर से मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट तक एक्सेस कंट्रोल रोड बनाया जा रहा है, जिससे ट्रैफिक की समस्या कम होगी। वहीं अंबरनाथ के ऐतिहासिक शिव मंदिर का विकास सोमनाथ और महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा, जिस पर करीब २०० करोड़ खर्च किए जाएंगे। डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच क्लस्टर योजना आम लोगों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाले घर उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा शुरू की गई इस योजना को मुंबई, ठाणे, कल्याण, डोंबिवली और अंबरनाथ में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा ।
