- 22 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार ।
डोंबिवली : डोंबिवली शहर में एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर घटना सामने आई है, जहां तीन लोगों ने कथित तौर पर 22 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपियों ने युवती को पार्टी के बहाने अपने एक घर में बुलाया और वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर तिलकनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—चेतन चव्हाण, हेमंत चव्हाण और उमेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी पेशे से रिक्शा चालक हैं। तिलकनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय कदम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम ने तेजी से जांच शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
