एफ वार्ड में गड्ढों की मरम्मत के काम में लापरवाही ।

  • एफ वार्ड में गड्ढों की मरम्मत के काम में लापरवाही ।
डोंबिवली : डोंबिवली के एफ वार्ड में गड्ढों की मरम्मत के काम में लापरवाही और घटिया गुणवत्ता पाए जाने पर कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) ने मेसर्स भारत उद्योग लिमिटेड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। महानगरपालिका ने ठेकेदार को सौंपा गया काम वापस लेने के साथ ही उसे एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है।केेडीएमसी के अनुसार, मानसून के दौरान शहर की सड़कों पर गड्ढे भरने और मरम्मत का काम विभिन्न वार्डों में कराया जा रहा था। गणेशोत्सव से पहले सभी संबंधित ठेकेदारों को सड़कों को यातायात के योग्य रखने और मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। महानगरपालिका प्रशासन का कहना है कि अधिकांश वार्डों में मौसम का फायदा उठाकर गड्डों की मरम्मत का काम संतोषजनक तरीके से किया गया। हालांकि, डोंबिवली के एफ वार्ड में काम करने वाले भारत उद्योग लिमिटेड ने कई स्थानों पर अपेक्षित गुणवत्ता नहीं बरती।अधिकारियों की ओर से बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद काम में कथित लापरवाही जारी रही। गणेशोत्सव के दौरान जुलूस, विसर्जन और नागरिकों की बढ़ी हुई आवाजाही के चलते सड़कों पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। ऐसे समय में सड़क मरम्मत के काम में लापरवाही को KDMC ने गंभीरता से लिया। इसके बाद महानगरपालिका ने ठेकेदार का काम वापस लेकर एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट करने का निर्णय लिया। KDMC की शहर अभियंता अनिता परदेशी ने 1 अक्टूबर 2026 को ठेकेदार को इस संबंध में नोटिस जारी किया।