डॉ. श्रीकांत शिंदे ने एलएसई में TRIUM ग्लोबल एग्जीक्यूटिव MBA के पहले मॉड्यूल की पढ़ाई शुरू 

  • डॉ. श्रीकांत शिंदे ने एलएसई में TRIUM ग्लोबल एग्जीक्यूटिव MBA के पहले मॉड्यूल की पढ़ाई शुरू 
डोंबिवली : लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (LSE) का परिसर इन दिनों एक खास वजह से चर्चा में है। करीब एक सदी पहले जिस संस्थान में भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने उच्च शिक्षा हासिल की थी, उसी संस्थान में अब कल्याण से सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे विद्यार्थी के रूप में अपनी नई शैक्षणिक यात्रा शुरू की हैं। डॉ. श्रीकांत शिंदे ने एलएसई में TRIUM ग्लोबल एग्जीक्यूटिव MBA के पहले मॉड्यूल की पढ़ाई शुरू कर दी है। चिकित्सा क्षेत्र में एमएस ऑर्थोपेडिक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अब उन्होंने अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक नीति और नेतृत्व जैसे विषयों को समझने के लिए इस अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम का चुनाव किया है। LSE में अपने पहले दिन का अनुभव साझा करते हुए डॉ. शिंदे ने कहा कि कक्षा में पहला व्याख्यान महत्वपूर्ण था, लेकिन उससे भी ज्यादा भावुक कर देने वाला क्षण डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के सामने खड़ा होना था। एक तरफ वे महाराष्ट्र के कल्याण क्षेत्र के सांसद के रूप में वहां मौजूद थे, लेकिन उस समय उनकी पहचान सबसे पहले एक विद्यार्थी की थी। उन्होंने कहा कि उस क्षण उन्हें यह महसूस हुआ कि शिक्षा, विचार और दृढ़ संकल्प व्यक्ति को कितनी ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह केवल एक विदेशी विश्वविद्यालय में पढ़ाई शुरू करने का अवसर नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का भी अनुभव है।डॉक्टर से अब अर्थव्यवस्था और नीति के विद्यार्थी डॉ. श्रीकांत शिंदे के लिए यह दूसरी मास्टर डिग्री होगी। इससे पहले वे एमएस ऑर्थोपेडिक की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। अब सार्वजनिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियों के साथ वे अर्थव्यवस्था, नीति निर्माण और नेतृत्व की बारीकियों को समझने के लिए उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं। डॉ. शिंदे के मुताबिक, चिकित्सा की पढ़ाई ने उन्हें मरीजों का इलाज करना सिखाया, जबकि अब वे आर्थिक और नीतिगत जटिलताओं को समझने के लिए नए विषयों का अध्ययन कर रहे हैं। उनका कहना है कि विषय भले ही अलग हो, लेकिन सीखने की जिज्ञासा आज भी वही है।