- कल्याण रेलवे पुलिस द्वारा अंबरनाथ-बदलापुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित मोरवली गांव के दुर्घटना संभावित क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता अभियान ।
कल्याण : अंबरनाथ में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कल्याण रेलवे पुलिस द्वारा अंबरनाथ-बदलापुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित मोरवली गांव के दुर्घटना संभावित क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान रेलवे किलोमीटर 61/31 से 61/33 के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (रेलवे) प्रज्ञा झेडगे की प्रमुख उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन में कल्याण विभाग, लोहमार्ग मुंबई के सहायक पुलिस आयुक्त नंदराज पाटिल सहित रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), महाराष्ट्र रेल्वे प्रवासी संघटना, स्थानीय नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया।अभियान के दौरान 7 पुलिस अधिकारी, 35 पुलिस कर्मी, RPF के 3 अधिकारी व 10 जवान, महाराष्ट्र रेलवे प्रवासी संगठन के अध्यक्ष अविनाश धुरत एवं उनके सदस्य तथा 60 से 70 स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। रेलवे पुलिस ने बैनर, पोस्टर और ध्वनि विस्तारक यंत्र (माइक) के माध्यम से लोगों को रेलवे ट्रैक पार न करने और अपनी जान जोखिम में न डालने का संदेश दिया।इस अवसर पर नागरिकों को गुलाब का फूल देकर सुरक्षित यात्रा का संकल्प दिलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश रेल दुर्घटनाएं लापरवाही और अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार करने के कारण होती हैं, जिन्हें जनजागरूकता के माध्यम से काफी हद तक रोका जा सकता है।कल्याण रेलवे पुलिस थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंढरी कांदे ने कहा कि रेलवे ट्रैक पार करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। रेलवे पुलिस का उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक कर उनकी जान बचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल अधिकृत फुटओवर ब्रिज, सबवे अथवा निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि रेलवे हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो। उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करने की जल्दबाजी कई बार जिंदगी भर का पछतावा बन जाती है। नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए रेलवे के निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।
