- यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले तीन युवकों की गिरफ्तार ।
कल्याण : कल्याण रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले तीन युवकों की गिरफ्तारी ने एक बार फिर स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कल्याण रेलवे पुलिस ने गश्त के दौरान तीनों संदिग्धों को दबोचकर उनके पास से चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय ढेकले, शाहबाज खान और मोरे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पहले तो पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तलाशी में चोरी के मोबाइल मिलने के बाद उनका भंडाफोड़ हो गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के मोबाइल किस नेटवर्क के जरिए बेचे जाते थे और इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। कल्याण जंक्शन से रोजाना लाखों यात्री सफर करते हैं। लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए कई यात्री घंटों पहले स्टेशन पहुंचकर प्लेटफॉर्म पर ही आराम करते हैं। ऐसे में चोर इसी मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते हैं। रेलवे पुलिस ने यात्रियों को सतर्क रहने और रात के समय अपने मोबाइल व सामान को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। साथ ही स्टेशन परिसर में गश्त और निगरानी बढ़ाने की बात कही है।
