- कल्याण के RTI कार्यकर्ता विनोद प्रकाश तिवारी के खिलाफ दो FIR! पोक्सो मामले में नाबालिग की पहचान उजागर करने का आरोप, KDMC कर्मचारी की पिटाई मामले में भी केस
कल्याण : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उपनगर कल्याण (पूर्व) के सूचना का अधिकार (RTI) कार्यकर्ता विनोद प्रकाश तिवारी के खिलाफ यहां की कोलसेवाड़ी पुलिस ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पोक्सो) के तहत FIR दर्ज की है। कल्याण (पश्चिम) की खड़कपाड़ा पुलिस ने भी विनोद तिवारी पर कल्याण-डोंबिवली महापालिका (KDMC) के घनकचरा विभाग के सुपरवाइजर किरण नारायण रसाल की पिटाई करने के मामले में FIR दर्ज की है। कल्याण (पूर्व) में रहनेवाले एक शिकायतकर्ता की शिकायत पर कोलसेवाड़ी पुलिस ने 30 अक्टूबर 2026 को विनोद तिवारी के खिलाफ BNS-2023 की धारा-23 के तहत FIR (नंबर 0717/2026) दर्ज की है। FIR के अनुसार वर्ष 2021 में कल्याण (पूर्व) में रहनेवाली एक नाबालिग लड़की से जुड़े मामले में कोलसेवाड़ी पुलिस ने एक युवक के खिलाफ पोक्सो के तहत FIR दर्ज की थी। पिछले महीने विनोद तिवारी ने उस FIR का हवाला देते हुए पीड़िता के परिवार के बारे में आपत्तिजनक लिखा, ऐसा आरोप है। इससे नाबालिग लड़की और उसके परिवार की पहचान सार्वजनिक हो गई, ऐसा आरोप शिकायत में है। लड़की के पिता ने कोलसेवाड़ी पुलिस में इस बाबत विनोद तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी। इसके पहले KDMC के घनकचरा विभाग के सुपरवाइजर किरण रसाल की शिकायत पर 14 अक्टूबर 2026 को खड़कपाड़ा पुलिस ने विनोद तिवारी के खिलाफ BNS-2023 की धारा- 117(2), 115(2), 352, 351(2) और 3(5) के तहत FIR (क्रमांक-556/2026) दर्ज की है। विनोद तिवारी 12 अक्टूबर 2026 की शाम 5 बजे KDMC के उंबर्डे गांव के डंपिंग ग्राउंड में कुछ लोगों के साथ गया था। वहां ड्यूटी पर शराब पीने के शक में किरण रसाल की पिटाई कर दी थी, ऐसा आरोप है।

Post Views: 102