ठाणे जिला समीक्षा बैठक संपन्न ।

  • ठाणे जिला समीक्षा बैठक संपन्न ।

ठाणे : सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं ठाणे जिले के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में ठाणे जिला नियोजन समिति सभागृह में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान खरीफ हंगाम समीक्षा, जिला दक्षता समिति तथा ‘सबके लिए आवास’ योजना के अंतर्गत नियमानुकूलन समिति की बैठकों का आयोजन किया गया। इस बैठक में ठाणे जिले के विभिन्न शहरों—कल्याण, डोंबिवली, उल्हासनगर, अंबरनाथ और बदलापुर—से जुड़े कई महत्वपूर्ण और लंबित मुद्दों को विधायकों द्वारा प्रमुखता से उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री का ध्यान शहरों में जर्जर और खतरनाक इमारतों की समस्या की ओर आकर्षित करते हुए इस पर त्वरित और ठोस नीतिगत निर्णय लेने की मांग की। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी पात्र नागरिकों को घर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य तेज करने, अनधिकृत निर्माणों को नियमित करने की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने और इसे गति देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। बैठक में महानगरपालिकाओं की स्वतंत्र जलापूर्ति योजनाओं को मंजूरी देने, विस्तारित मुंबई आधारभूत सुविधा योजना (EXTD MUIP) के अंतर्गत प्रमुख सड़कों के लिए निधि और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने, नई प्रशासनिक इमारतों के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने हेतु 200 करोड़ रुपये के शासन निर्णय जारी करने तथा पूर्णकालिक एडीटीपी (ADTP) अधिकारियों की नियुक्ति जैसे मुद्दे भी उठाए गए। बैठक में जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल, पालक सचिव नवीन सोन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री यादव सहित विधायक किसन कथोरे, निरंजन डावखरे, कुमार आयलानी, बालाजी किनीकर और ज्ञानेश्वर म्हात्रे समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।