- मुंबई में 36वीं महाराष्ट्र राज्य पुलिस क्रीड़ा स्पर्धा का भव्य उद्घाटन, पुलिस को वैश्विक स्तर पर ले जाने का संकल्प ।
मुंबई : कालिना स्थित सशस्त्र पुलिस मुख्यालय में आज 36वीं ‘महाराष्ट्र राज्य पुलिस क्रीड़ा स्पर्धा 2026’ का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए उनसे संवाद किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान राज्य के पुलिस बल को मजबूती से समर्थन देने और उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का संकल्प व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था ही राज्य के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। इस दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि सरकार केवल आदेश देने वाली संस्था नहीं, बल्कि पुलिस के साथ खड़ी रहने वाली है। पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर आवास, आधुनिक पुलिस स्टेशन, अत्याधुनिक हथियार, वाहन और साइबर सुरक्षा के उन्नत साधन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में कहा गया कि आमतौर पर पुलिस को खाकी वर्दी में देखा जाता है, लेकिन उन्हें खेल के मैदान में क्रीड़ा वेश में देखना गर्व की बात है। इस क्रीड़ा स्पर्धा को महाराष्ट्र का ‘महा ओलंपिक’ बताते हुए कहा गया कि यह पुलिस बल के लिए खुद को ‘खिलाड़ी नंबर वन’ साबित करने का बड़ा अवसर है। यह भी उल्लेख किया गया कि यह खेल का मैदान है, जहां पंच तो हैं लेकिन पंचनामा नहीं, यहां केवल रिकॉर्ड बनेंगे। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की क्रीड़ा प्रतियोगिताएं पुलिस कर्मियों के मानसिक तनाव को कम करने और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस मौके पर मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, गृह राज्यमंत्री योगेश कदम, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
