कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की तीनों समितियों के सभापति पद के चुनाव निर्विरोध ।

  • कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की तीनों समितियों के सभापति पद के चुनाव निर्विरोध ।

डोंबिवली : कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की तीनों समितियों के सभापति पद के चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए हैं। स्थायी समिति के सभापति पद पर शिंदे सेना के मल्लेश शेट्टी, महिला एवं बाल कल्याण समिति के सभापति पद पर शिंदे सेना की सारिका सतीश जाधव और शिक्षा समिति के सभापति पद पर भाजपा के अभिजीत थरवल निर्विरोध चुने गए हैं। स्थायी समिति को महानगरपालिका की तिजोरी माना जाता है। इस तिजोरी की चाबियां अब शिंदे सेना के हाथ में आ गई हैं। वहीं भाजपा के हिस्से में केवल शिक्षा समिति आई है। महिला एवं बाल कल्याण समिति भी शिंदे सेना के पास गई है। इन तीनों समितियों के सभापति पद के लिए प्रत्येक पद पर एक ही आवेदन प्राप्त होने के कारण तीनों का चुनाव निर्विरोध हुआ। इसकी आधिकारिक घोषणा आज की गई। स्थायी समिति के सभापति शेट्टी ने कहा कि सभी को विश्वास में लेकर समिति का कार्य संचालन किया जाएगा। पिछले पांच वर्षों से चुनाव नहीं हुए थे। महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति का अध्ययन कर ही निर्णय लिए जाएंगे। शिक्षा समिति के सभापति थरवल ने कहा कि महानगरपालिका के स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए कार्य किया जाएगा। महानगरपालिका के स्कूलों में आम लोगों के बच्चे पढ़ते हैं। उन विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पहली बार नगरसेवक चुने जाने के बाद भाजपा-शिंदे सेना गठबंधन ने मुझ पर विश्वास जताते हुए मुझे सभापति पद दिया है, इसके लिए मैं महायुति के नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं। वहीं दूसरी बार नगरसेवक बनी सारिका जाधव ने महिला व बाल कल्याण समिति सभापति के रूप में चयन होने के बाद पार्टी हाईकमान का आभार प्रकट किया।