- पेस्ट कंट्रोल के बाद जहरीला केमिकल चाटने से 6 आवारा कुत्तों की मौत, कंपनी मालिक पर केस दर्ज ।
डोंबिवली : जानवरों के लिए खाद्य सामग्री बनाने वाली एकलव्य एनिमल पेडिग्री कंपनी में पेस्ट कंट्रोल के बाद लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां कथित तौर पर जहरीला केमिकल चाटने से करीब छह आवारा कुत्तों की मौत हो गई। इस घटना को लेकर प्राणी मित्र सुचित्रा सुर्वे ने कंपनी के मालिक वीरेंद्र कुमार निषाद के खिलाफ मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुत्तों को जानबूझकर मारा गया है।वहीं, मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीपान शिंदे ने बताया कि कंपनी परिसर में पेस्ट कंट्रोल किया गया था। इसी दौरान वहां मौजूद करीब छह आवारा कुत्तों ने केमिकल को चाट लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह जांच का विषय है कि यह घटना लापरवाही का नतीजा है या जानबूझकर की गई कार्रवाई।
