- डोंबिवली में मित्र ने ही की मित्र की हत्या, 20 दिन तक आते रहे मृत दोस्त के सपने, फिर थाने पहुंचा हत्यारा ।
डोंबिवली : डोंबिवली पश्चिम के मोठागांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में एक मित्र ने ही अपने दोस्त की हत्या कर दी। मृतक की पहचान विशाल कदम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मित्र का नाम प्रभू करकडे बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों मित्र एक ही घर में शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी छोटी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई और विवाद मारपीट में बदल गया। गुस्से में आकर प्रभू करकडे ने विशाल कदम की हत्या कर दी। हत्या के बाद प्रभू ने इसकी जानकारी अपने घरमालक संदीप म्हात्रे को दी। संदीप ने उसे कहा कि तुम्हारी अभी शादी भी नहीं हुई है, तुम्हारी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को एक बोरी में भरकर खाड़ी किनारे फेंक दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के बाद करीब 20 दिनों तक आरोपी प्रभू को नींद नहीं आ रही थी। उसे रोज सपने में मृत विशाल दिखाई देता था। आखिरकार अपराधबोध से परेशान होकर प्रभू ने क्राइम ब्रांच के पास जाकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। क्राइम ब्रांच ने आरोपी प्रभू करकडे को हिरासत में लेकर विष्णुनगर पुलिस के हवाले कर दिया। विष्णुनगर पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी प्रभू करकडे और सबूत मिटाने और मदद करने के आरोप में घरमालक संदीप म्हात्रे को गिरफ्तार किया है। शराब के नशे में मित्र की हत्या की इस वारदात से डोंबिवली में सनसनी फैल गई है।

Post Views: 30