ठाणे जिले में फिर गूंजेगा खासदार क्रीडासंग्राम, 20 से 29 नवंबर तक 27 खेलों का महासंग्राम ।

  • ठाणे जिले में फिर गूंजेगा खासदार क्रीडासंग्राम, 20 से 29 नवंबर तक 27 खेलों का महासंग्राम ।

डोंबिवली : खेल कोई भी हो, अगर जिद और मेहनत है तो मैदान सबका है। इसी सोच के साथ कल्याण लोकसभा के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में ‘खासदार क्रीडासंग्राम सीजन-2’ का आयोजन किया जा रहा है। यह क्रीड़ा महोत्सव 20 से 29 नवंबर 2026 तक चलेगा। खास बात यह है कि इस बार सिर्फ कल्याण ही नहीं, ठाणे और भिवंडी लोकसभा के खिलाड़ियों को भी मौका मिलेगा। पूरे ठाणे जिले के 15 से ज्यादा स्थानों पर अलग-अलग खेलों की स्पर्धाएं होंगी। इस आयोजन में सांसद नरेश म्हस्के, सुरेश म्हात्रे (बालिया मामा), कल्याण-ठाणे-भिवंडी के सभी विधायक, शिवसेना जिलाप्रमुख गोपाळ लांडगे, प्रकाश पाटील और सभी महानगरपालिकाओं के महापौर, नगराध्यक्ष सहयोग करेंगे। पिछले साल हुए सीजन-1 को हजारों खिलाड़ियों ने शानदार रिस्पॉन्स दिया था। इस साल इसे और बड़ा बनाया गया है। एथलेटिक्स, कैरम, मल्लखांब, खो-खो, कबड्डी, तैराकी, बास्केटबॉल, कुश्ती, जिम्नास्टिक, फुटबॉल, शतरंज, बैडमिंटन, तीरंदाजी, लाठी-काठी, रस्सी खींच, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, रायफल शूटिंग, ताइक्वांडो, रोलर स्केटिंग, बॉक्स क्रिकेट, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, जूडो, पिकलबॉल, रग्बी और रिंग टेनिस। क्रिकेट के अलावा कुश्ती, मल्लखांब, तीरंदाजी, स्विमिंग जैसे कम चर्चित खेलों को भी इसमें जगह दी गई है, ताकि हर हुनर को मंच मिले। जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए पोस्टर पर दिए गए QR कोड को स्कैन करें, मोबाइल नंबर पर OTP से लॉगिन करें, अपना पसंदीदा खेल चुनें और अपना ‘खासदार संग्राम पास’ प्राप्त करें। पूरी जानकारी खासदार क्रीडासंग्राम के इंस्टाग्राम पेज पर मिलेगी। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने जिले के ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों से इस महोत्सव में भाग लेने की अपील की है।