‘मोदी का बाप भी जाएगा’ – खरगे के विवादित बयान पर बवाल, अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला ।
नई दिल्ली : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए विवादित बयान से सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने इसे अपमानजनक बताते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने खुद ट्वीट कर खरगे और कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा है। जानकारी के मुताबिक, खरगे बिहार के पटना में एक कार्यक्रम में भाजपा पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान एक श्रोता ने ‘मोदी नहीं जाएंगे’ कहा, जिसके जवाब में खरगे ने कहा – ‘मोदी का बाप भी जाएगा’। सभा में दिए गए इसी बयान पर अब विवाद खड़ा हो गया है। अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा कि खरगे ने पीएम के पिता पर टिप्पणी कर सभ्यता की सारी हदें पार कर दी हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। कांग्रेस ने कभी मोदी की मां के बारे में अपशब्द कहे, तो कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस रोज सभ्यता की मर्यादाएं लांघ रही है। पिछले 12 सालों में कांग्रेस को अलग-अलग चुनावों में लगातार हार मिली है, इसलिए उनके पास अब कोई रणनीति नहीं बची है। वे सिर्फ गाली-गलौज करते हैं। कांग्रेस का जनाधार खत्म हो चुका है और अब कार्यकर्ता भी उनसे दूर हो रहे हैं।

Post Views: 18