कमलादेवी महाविद्यालय का 16वाँ स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न ।

  • कमलादेवी महाविद्यालय का 16वाँ स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न ।

कल्याण : विठ्ठलवाड़ी कमलादेवी महाविद्यालय में गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को महाविद्यालय का 16वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर समाजसेवी अविनाश गायकवाड़, एस. के. एम. त्रिपाठी, महाविद्यालय के अध्यक्ष सदानंद तिवारी, कोषाध्यक्ष श्रीमती श्वेता पांडे, प्राचार्या डॉ. सिमी सिंह तथा महाविद्यालय के अधीक्षक सचिन चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के 21 फूड स्टॉल लगाए गए। मुख्य अतिथियों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयास, रचनात्मकता एवं उद्यमशीलता की सराहना की। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया। महाविद्यालय के अध्यक्ष सदानंद तिवारी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया तथा जीवन में अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया। वहीं प्राचार्या डॉ. सिमी सिंह ने महाविद्यालय की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की प्रगति, शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी उपस्थित जनों को दी। कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट जया तेवानी ने किया, जबकि एडवोकेट प्रियंका सिंह ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी तथा सभी के सहयोग से कमलादेवी महाविद्यालय का 16वाँ स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ।