- नाशिक में डबल मर्डर से सनसनी,पत्नी और 7 साल के बेटे की चाकू से हत्या, आरोपी पति ने खाया जहर ।
नाशिक: नाशिकरोड के जेलरोड इलाके स्थित महारुद्र कॉलोनी (वसंत विहार) में सोमवार सुबह हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि 54 वर्षीय किरण एकनाथ हजारे ने अपनी 43 वर्षीय पत्नी अश्विनी और 7 साल के मासूम बेटे श्रेयश की धारदार चाकू से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर जहरीली दवा खाकर आत्महत्या की कोशिश की। प्राथमिक जांच के अनुसार, अश्विनी के सिर के पिछले हिस्से और श्रेयश के गले पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए गए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जहरीली दवा खाने के बाद किरण हजारे को जिला शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी किशोर काले समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और मोबाइल फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सबूत जुटाए हैं। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किरण और अश्विनी की वर्ष 2017 में शादी हुई थी और दोनों की यह दूसरी शादी बताई जा रही है। किरण अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई और सोलर प्लांट लगाने का व्यवसाय करता है। दोहरे हत्याकांड के पीछे की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
