महाराष्ट्र के 7 जिलों की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट पर 

  • महाराष्ट्र के 7 जिलों की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट पर 
मुंबई : महाराष्ट्र के ठाणे, सांगली, सातारा, सोलापुर, बीड, परभणी और हिंगोली समेत कई जिलों की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से राज्यभर में हड़कंप मच गया है। ठाणे जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर सुबह 9:43 बजे यह धमकी भरा मेल आया था। मेल में दोपहर 3:11 बजे ब्लास्ट करने और 27 नवंबर तक IED ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई थी। इस ई-मेल में मेट्रो स्टेशन, 1984 का बदला लेने की बात और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में iPhone में IED रखकर ब्लास्ट करने की धमकी भी दी गई है। धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस ने SOP के तहत ठाणे, सांगली, सातारा, सोलापुर, बीड, परभणी और हिंगोली की सभी अदालतों की इमारतों को तुरंत खाली करा दिया। जज, वकील, कोर्ट स्टाफ और पक्षकारों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया गया और इमारत के आसपास का परिसर खाली करा लिया गया।
मौके पर बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की मदद से अदालत की इमारत, पार्किंग, कैंटीन और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। यह धमकी भरा ई-मेल किसने भेजा और इसके पीछे मकसद क्या है, इसकी जांच साइबर सेल और क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और अदालती परिसर में अनावश्यक भीड़ न लगाएं। जांच पूरी होने के बाद अदालती कामकाज फिर से शुरू किया जाएगा।