- सीएम से पीएम तक जनसेवा के २५ साल’ – डॉ. श्रीकांत शिंदे ने मोदी जी के नेतृत्व को बताया ऐतिहासिक
कल्याण : गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक सार्वजनिक जीवन के २५ वर्ष पूर्ण करने पर शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में नया भारत आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने खड़ा है। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया (X) पोस्ट में पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि आज उनके नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने खड़ा है। सांसद डॉ. शिंदे ने कहा कि कुछ लोग समय के प्रवाह के साथ आगे बढ़ते हैं, जबकि कुछ व्यक्तियों के नेतृत्व से समय को ही नई दिशा मिलती है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी का सार्वजनिक जीवन में २५ वर्षों का सफर ऐसे ही परिवर्तनकारी नेतृत्व का प्रेरणादायी अध्याय है। ७ अक्टूबर २००१ को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने वाले इस नेतृत्व ने आगे चलकर देश की राजनीति, विकास की अवधारणा और भारत की वैश्विक भूमिका को एक नया आयाम दिया। उन्होंने कहा कि २०१४ में सांसद के रूप में संसद में प्रवेश करने के बाद से मुझे मोदी जी के नेतृत्व को करीब से देखने और उनकी कार्यशैली से सीखने का अवसर मिला। किसी लक्ष्य के प्रति अटूट विश्वास रखते हुए उसके लिए निरंतर प्रयास करना, चुनौतियों को अवसरों में बदलने की दृष्टि और राष्ट्रहित को प्रत्येक निर्णय के केंद्र में रखने की भावना ये उनके नेतृत्व के ऐसे प्रेरणादायी पहलू हैं, जो मुझे लगातार महसूस हुए हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने केवल विकास के नए सपने नहीं देखे, बल्कि उन सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास भी हासिल किया। आज ‘नया भारत’ आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने खड़ा है, यही उनके २५ वर्षों की राष्ट्रसेवा की सबसे बड़ी गवाही है, ऐसा उन्होंने कहा। नरेंद्र मोदी जी के इस लंबे और प्रेरणादायी सेवाकाल को हृदय से नमन और हार्दिक बधाई। आने वाले समय में भी उनकी दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक शक्ति मिले, भारत को एक शक्तिशाली, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उनके प्रयासों को सफलता मिले, यही मेरी हृदय से शुभकामना है, ऐसी भावना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने व्यक्त की।

Post Views: 68