- एटीएस की 58 टीमों ने राज्य भर के 102 ठिकानों पर छापेमारी कर संदिग्धों को लिया हिरासत में ।
मुंबई : महाराष्ट्र राज्य आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने देश की आंतरिक सुरक्षा को निशाना बनाने वाली एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश को नाकाम करते हुए पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके साथियों द्वारा भारतीय युवाओं को फंसाने के लिए बुने गए डिजिटल जाल पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। खुफिया एजेंसियों से मिले पुख्ता इनपुट के आधार पर शुक्रवार तड़के 7 बजे एटीएस की 58 टीमों ने मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, सांगली, सतारा और छत्रपति संभाजीनगर सहित राज्य भर के 102 ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी कर 102 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह गैंग फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें देश विरोधी गतिविधियों, ड्रग्स तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई के दलदल में धकेल रहा था; फिलहाल एटीएस ने संदिग्धों के पास से बड़ी मात्रा में मोबाइल, लैपटॉप और सिम कार्ड जब्त कर गहन पूछताछ शुरू कर दी है और नागरिकों को सोशल मीडिया पर अजनबियों से सतर्क रहने की अपील की है।
