- कमलादेवी महाविद्यालय में दीक्षांत समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न ।
कल्याण : कमलादेवी एज्युकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित कमलादेवी महाविद्यालय में शनिवार, 13 जून 2026 को दीक्षांत समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में श्री शैलेश मालेकर, कार्यकारी अभियंता, केडीएमसी जलापूर्ति विभाग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अध्यक्ष सदानंदजी तिवारी ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय की कोषाध्यक्ष श्रीमती श्वेता पांडे, प्राचार्या डॉ. सिम्मी सिंह तथा अधीक्षक सचिन चौधरी की विशेष उपस्थिति रही। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सिम्मी सिंह ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री सदानंदजी तिवारी ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए जीवन में निरंतर प्रगति करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि श्री शैलेश मालेकर ने अपने मार्गदर्शन में शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा ईमानदारी के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को भविष्य की सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के कुल 50 विद्यार्थियों को डिग्री प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और गर्व स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। विद्यार्थियों ने इस यादगार अवसर का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने विशेष योगदान दिया। समारोह का संचालन बीएएफ एवं बीएमएस विभाग की प्रमुख एडवोकेट जया तेवानी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाविका मूलचंदानी ने प्रस्तुत किया। दीक्षांत समारोह के अवसर पर पूरे महाविद्यालय परिसर में उत्साह और हर्ष का वातावरण बना रहा। सभी गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सफलता के लिए शुभाशीष प्रदान किए।
