देवी के सामने लगा जनता दरबार कई शिकायतों का मौके पर निपटारा,सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने खुद सुनीं जन समस्याएं ।

  • देवी के सामने लगा जनता दरबार कई शिकायतों का मौके पर निपटारा,सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने खुद सुनीं जन समस्याएं ।
डोंबिवली :  नवरात्रोत्सव के धार्मिक माहौल में डोंबिवली में जनसमस्याओं की सुनवाई का मंच सजा. कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने पूर्व के डी.एन.सी. स्कूल मैदान में आयोजित जनता दरबार में नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि लंबित मामलों के समाधान के लिए संबंधित मनपा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए. डॉ. श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन और श्री नवदुर्गा युवा मंडल की ओर से आयोजित शारदीय नवरात्रोत्सव के अवसर पर ‘खासदार आपल्या भेटीला’ पहल के तहत इस जनता दरबार का आयोजन किया गया. इसमें नागरिकों ने अपने क्षेत्रों की नागरिक समस्याओं, बुनियादी सुविधाओं और व्यक्तिगत शिकायतों को सांसद के सामने रखा. सांसद शिंदे ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित मामलों की जानकारी ली. जिन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई संभव थी, उन्हें मौके पर ही सुलझाने का प्रयास किया गया. वहीं, मनपा प्रशासन के स्तर पर निर्णय या आगे की कार्रवाई की जरूरत वाले मामलों में अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेकर आवश्यक कदम उठाने और लंबित प्रश्नों का समाधान करने के निर्देश दिए गए. ‘खासदार आपल्या भेटीला’ उपक्रम का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि के सामने रखने का अवसर देना और प्रशासन के साथ समन्वय के जरिए उनका समाधान कराना है. नवरात्रोत्सव के मंडप में आयोजित इस जनता दरबार के जरिए धार्मिक आयोजन के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई को भी प्राथमिकता दी गई ।