बोईसर के ओस्तवाल वंडरसिटी में दुर्गंध का कहर, रहिवासी परेशान

बोईसर के ओस्तवाल वंडरसिटी में दुर्गंध का कहर, रहिवासी परेशान

शाम होते ही पूरे परिसर में फैलती है तेज बदबू, लोगों को बंद करनी पड़ती हैं घरों की खिड़कियां; दुर्गंध के स्रोत का पता लगाने की मांग

हिन्द सागर/ज्ञानेन्द्र पांडेय

बोईसर /पालघर: बोईसर पूर्व के बेटेगांव स्थित ओस्तवाल वंडरसिटी में इन दिनों तेज दुर्गंध फैलने से रहिवासी परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विशेष रूप से शाम के समय पूरे ओस्तवाल वंडरसिटी परिसर में बदबू इतनी अधिक फैल जाती है कि लोगों को अपने घरों की खिड़कियां तक बंद करनी पड़ती हैं।

रहिवासियों का कहना है कि शाम के समय घरों में दुर्गंध आने के कारण खिड़कियां खोलकर बैठना भी मुश्किल हो जाता है। यह समस्या किसी एक बिल्डिंग तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे आवासीय परिसर में महसूस की जा रही है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर इस दुर्गंध का वास्तविक स्रोत क्या है?

दुर्गंध के स्रोत का पता लगाना जरूरी

फिलहाल दुर्गंध फैलने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। यह सीवेज, नाले, कचरे, गंदे पानी अथवा किसी अन्य स्रोत से संबंधित है या नहीं, इसकी जांच आवश्यक है। लगातार बनी रहने वाली ऐसी स्थिति नागरिकों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन के लिए चिंता का विषय बन सकती है।

प्रशासन और सोसायटी प्रबंधन से जवाब की मांग 

रहिवासियों की अपेक्षा है कि ओस्तवाल वंडरसिटी सोसायटी प्रबंधन, बेटेगांव ग्राम पंचायत और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (MPCB) इस समस्या को गंभीरता से लें। विशेष रूप से शाम के समय परिसर का निरीक्षण कर दुर्गंध के वास्तविक स्रोत का पता लगाया जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए।

आवासीय परिसर में रहने वाले नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए। ऐसे में सवाल उठता है कि पूरे ओस्तवाल वंडरसिटी में फैल रही इस दुर्गंध से रहिवासियों को राहत कब मिलेगी?

अब देखना यह है कि संबंधित प्रशासन और प्रबंधन इस जनसमस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और इसका स्थायी समाधान कब करते हैं।