- डोंबिवली के सावित्रीबाई फुले नाट्यगृह को मिले 30 करोड़, अब 45 करोड़ से होगा पुनर्विकास ।
डोंबिवली : डोंबिवली की सांस्कृतिक पहचान रहे सावित्रीबाई फुले नाट्यगृह के पुनर्विकास को रफ्तार मिल गई है। बचे कामों के लिए राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने 30 करोड़ रुपये के फंड को मंजूरी दी है। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के लगातार फॉलोअप के बाद यह फैसला हुआ है। इससे पहले इस प्रोजेक्ट के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर हुए थे। अब 30 करोड़ और मिलने से कुल 45 करोड़ रुपये की व्यवस्था हो गई है। डोंबिवली को सांस्कृतिक नगरी की पहचान दिलाने में इस नाट्यगृह का बड़ा योगदान रहा है। बिल्डिंग जर्जर होने से इसे बंद करना पड़ा था, जिससे कलाकारों और दर्शकों को भारी परेशानी हो रही थी।
4 नवंबर 2026 को उपमुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे के आदेश पर विभाग ने शासन निर्णय जारी कर फंड मंजूर किया। ‘महानगरपालिका क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए विशेष प्रावधान’ योजना के तहत यह फंड दिया गया है। इसका 100% खर्च राज्य सरकार उठाएगी, काम KDMC करेगी।
नए नाट्यगृह में क्या होगा ?
भव्य रंगमंच, अच्छी सीट व्यवस्था, आधुनिक लाइटिंग, छोटे नाटकों के लिए अलग ड्रामा थिएटर, कलाकारों के लिए रिहर्सल रूम और आर्ट गैलरी। पुनर्विकास पूरा होने के बाद डोंबिवली को फिर से एक आधुनिक सांस्कृतिक मंच मिलेगा।

Post Views: 161