- हिट एंड रन केस में बेरहम मर्सिडीज चालक-मालिक खड़कपाड़ा पुलिस की हिरासत में ।
कल्याण : कल्याण पश्चिम के चक्की नका में हुए हिट एंड रन मामले में लग्जरी कार के चालक-मालिक ओमिल गायकर को खड़कपाड़ा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बुधवार, 21 तारीख को सुबह 5 से 6 बजे के बीच तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पैदल चल रहे सुनील कोली (25) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सुनील सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद खड़कपाड़ा पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मर्सिडीज कार MH-05-EV-3200 को जब्त कर चालक ओमिल गायकर को हिरासत में ले लिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र खेडकर ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि जब्त मर्सिडीज पर विधानसभा सदस्य का स्टिकर लगा हुआ था, जिससे इस मामले में राजनीतिक कनेक्शन की चर्चा तेज हो गई है। अब देखना है कि पुलिस इस रसूखदार आरोपी पर किस तरह की कार्रवाई करती है।

Post Views: 65