- अन्नपूर्णा गेस्ट हाउस में देह व्यापार का पर्दाफाश, 15 महिलाओं का रेस्क्यू, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश जारी ।
कल्याण : ठाणे क्राइम ब्रांच की अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक इकाई ने कल्याण पश्चिम के स्टेशन रोड स्थित अन्नपूर्णा गेस्ट हाउस में कथित देह व्यापार के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 15 महिलाओं को रेस्क्यू किया। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, गेस्ट हाउस में मैनेजर और एक वेटर पर आरोप है कि वे महिलाओं को पैसों का लालच देकर ग्राहकों को यौन सेवाएं देने के लिए प्रेरित करते थे। आरोप है कि ग्राहकों की मांग पर महिलाओं को उपलब्ध कराने के साथ यौन गतिविधियों के लिए कमरे भी मुहैया कराए जाते थे। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:25 बजे गेस्ट हाउस में छापेमारी कर दो पुरुष आरोपियों को हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार किया। इस मामले में शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 6:09 बजे महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 793/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 143(1), 143(3) और 3(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के तहत कार्रवाई की है। रेस्क्यू की गई 15 महिलाओं को सुरक्षा के मद्देनजर सुधारगृह में रखा गया है। पुलिस अब मामले में फरार दो अन्य वांछित आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही, गेस्ट हाउस में कथित गतिविधियों और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post Views: 27