- गोदाम में अवैध रूप से शराब जमा करके रखने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार ।
डोंबिवली : दिव-दमण से लाई गई प्रतिबंधित शराब को गुजरात में बिक्री के लिए भेजने के उद्देश्य से डोंबिवली पूर्व स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से जमा करके रखने वाले तीन आरोपियों को कल्याण क्राइम ब्रांच की यूनिट-3 ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 26 सितंबर को खंबालपाड़ा, शेलार मैदान के पास की गई। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डोंबिवली पूर्व के एक पत्रे के शेड पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान दिव-दमण से लाई गई विभिन्न कंपनियों की सीलबंद शराब की बोतलें प्लास्टिक पाइपों में भरकर उनके मुंह टेप से बंद किए जाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, शराब का यह स्टॉक गुजरात के राजकोट में बिक्री के लिए भेजने की तैयारी में था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 लाख 22 हजार 700 रुपये कीमत की कुल 7,920 सीलबंद शराब की बोतलें और 99 प्लास्टिक पाइप जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिरेन शंकरभाई बक्कर उर्फ भानुशाली (30), मनीष पुरुषोत्तमभाई धुकेर (40) और विपुल रामकृष्ण शुक्ला (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों डोंबिवली पूर्व क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस मामले में टिलकनगर पुलिस थाने में महाराष्ट्र शराबबंदी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच कल्याण क्राइम ब्रांच यूनिट-3 के सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश दळवी कर रहे हैं। यह कार्रवाई ठाणे शहर पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कल्याण क्राइम ब्रांच की टीम ने की है।
