- छठ महापर्व पर शिवशांति प्रतिष्ठान का महास्वच्छता अभियान, शिव परिवार की निःशुल्क ऑटो सेवा बनी श्रद्धालुओं का सहारा
ठाणे : लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सामाजिक सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शिवशांति प्रतिष्ठान द्वारा रायलादेवी तालाब परिसर में छठ पूजा से पूर्व एवं पूजा संपन्न होने के बाद महास्वच्छता अभियान चलाया गया।
सोमवार सुबह छठ पूजा संपन्न होने के पश्चात संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष एडवोकेट विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में 50 से अधिक स्वयंसेवकों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने अभियान में भाग लिया। स्वयंसेवकों ने घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
इस अवसर पर एडवोकेट विनय कुमार सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आस्था और पर्यावरण को साथ लेकर चलना है। छठ महापर्व हमारी गहरी आस्था का प्रतीक है, लेकिन पूजा के साथ-साथ तालाब और उसके आसपास के प्राकृतिक वातावरण को स्वच्छ रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत शिवशांति प्रतिष्ठान हर वर्ष छठ पूजा से पहले और पूजा के बाद स्वच्छता अभियान आयोजित करता है, ताकि श्रद्धालु अपनी आस्था निभाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे सकें। वहीं, छठ व्रती माताओं एवं बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिव परिवार की ओर से 20 ऑटो रिक्शा की निःशुल्क सेवा उपलब्ध कराई गई। छठ पूजा के दिन ठाणे के विभिन्न छठ पूजा स्थलों पर शिव परिवार के शिवदूत ऑटो रिक्शा चालकों ने अपनी सेवाएं दीं। इसके माध्यम से वागले एस्टेट सहित आसपास के क्षेत्रों की छठ व्रती माताओं एवं बहनों को घाट तक पहुंचाने तथा पूजा संपन्न होने के बाद सुरक्षित घर वापस लाने की व्यवस्था की गई। इस पहल से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली। इस सेवा एवं महास्वच्छता अभियान में लक्ष्मी मौर्य, एडवोकेट शिक्षा यादव, प्रो. अरविंद गिरी, योगेश देसले, दीपक गिरी, अशोक गिरी, गोपाल ठाकुर, प्रशांत दलाई, महेंद्र पटेल, अरुण सिंह, विजय सिंह, अभयराज गुप्ता, धीरेन्द्र सिंह, हरिराम जायसवाल एवं करुणाशंकर मिश्रा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और पर्यावरण प्रेमियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिवशांति प्रतिष्ठान एवं शिव परिवार ने इस अवसर पर संकल्प दोहराया कि समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी। शिवशांति प्रतिष्ठान एवं शिव परिवार का संकल्प — आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण, सेवा के साथ समर्पण और समाज के प्रति सदैव जिम्मेदारी।

Post Views: 248