- अमित शाह का मुंबई दौरा से महाराष्ट्र में बढ़ी सियासी हलचल ।
मुंबई : शुक्रवार देर रात मुंबई पहुंचे अमित शाह का महाराष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व ने स्वागत किया। उनके दो दिवसीय दौरे में सहकारी बैंकिंग, साइबर सुरक्षा और महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति से जुड़े कई अहम कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात मुंबई पहुंचे। उनके दो दिवसीय महाराष्ट्र दौरे को लेकर मुंबई से लेकर राज्य की राजनीतिक राजधानी तक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार देर रात मुंबई पहुंचने के बाद शाह का एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र सरकार और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ,भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व विधायक रविंद्र चव्हाण और मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा सहित कई नेता इस मौके पर मौजूद रहे। इसके बाद शाह सह्याद्रि गेस्ट हाउस के लिए रवाना हुए। अमित शाह के मुंबई पहुंचने के साथ ही उनके दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर नजर बढ़ गई है। महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के लिए केंद्र और राज्य के बीच समन्वय को मजबूत बनाए रखना महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में शाह की राज्य के शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली संभावित बातचीत पर राजनीतिक गलियारों की नजर है। अमित शाह के पास केंद्र में गृह मंत्रालय के साथ सहकारिता मंत्रालय की भी जिम्मेदारी है। इसलिए महाराष्ट्र में उनका सहकारी क्षेत्र से संबंधित कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है। महाराष्ट्र लंबे समय से सहकारी संस्थाओं और सहकारी बैंकों का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सहकारी संस्थाओं का व्यापक नेटवर्क है। ऐसे में सहकारी क्षेत्र में तकनीकी सुधार, पारदर्शिता और वित्तीय मजबूती से जुड़े केंद्रीय प्रयासों का महाराष्ट्र पर सीधा प्रभाव पड़ सकता है। शाह का मौजूदा दौरा ऐसे समय हो रहा है जब सहकारी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और डिजिटल वित्तीय प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
