- कल्याण शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने सड़कों पर गड्ढों के विरोध में “गड्ढों को भरो” किया विरोध प्रदर्शन।
कल्याण : कल्याण शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर की बदहाल सड़कों और बढ़ते गड्डों के विरोध में शुक्रवार को ‘खड्डे भरो’ आंदोलन आयोजित किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट नवीन सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गड्डों को फूल- माला अर्पित कर अनोखे तरीके से विरोध जताया और केडीएमसी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलन के दौरान एडवोकेट नवीन सिंह ने आरोप लगाया कि कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) ने शहर के गड्ढे और ब्लॉक होल भरने के लिए 25 करोड़ 70 लाख रुपए का टेंडर जारी किया था। उन्होंने सवाल किया कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद शहर की प्रमुख सड़कों पर अब भी बड़े-बड़े गड्डे क्यों मौजूद हैं ? नवीन सिंह ने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गड्डों की वजह से वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क मरम्मत कार्यों में पारदर्शिता की कमी है और जनता के धन का सही उपयोग नहीं हो रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि अगले सात दिनों के भीतर शहर की सभी प्रमुख सड़कों के गड्डों को तत्काल भरा जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो महापालिका मुख्यालय के सामने बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नवीन सिंह ने कहा कि यह केवल सड़क मरम्मत का मुद्दा नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और जनता के टैक्स के पैसों के उपयोग से जुड़ा मामला है। उन्होंने इसे जनता के विश्वास के साथ धोखा बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस विरोध प्रदर्शन में सलीम शेख, सत्यभामा जयसावर, रीना खांडेकर, वर्षा रसल, अजीत सिंह, अमोल गायकवाड़, इमरान शेख, रंजीत डांगले, आजम शेख, सुभाष सिंह, सुशील उपाध्याय, मोहन गुप्ता, वजाहत खान, चेतन भंडारी, विमलेश शर्मा, वैभव पाठक, श्रेयस सिंह, किशोर माधवी, फिरोज शेख के साथ कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने एकमत होकर कल्याण को गड्ढा मुक्त करने की मांग की और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारे लगाए।
