पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या ।

  • पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या ।
डोंबिवली : मानपाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में मृतक की महिला मित्र भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश झा के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन कालपांडे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन और आरोपी अविनाश झा के बीच पहले से विवाद और आपसी रंजिश चल रही थी। इसी पुरानी दुश्मनी ने गुरुवार देर रात खूनी रूप ले लिया। डोम्बिवली एसीपी सुहास हेमाडे ने बताया कि गुरुवार रात अर्जुन अपनी महिला मित्र के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान आरोपी अविनाश झा अपने कुछ साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि अविनाश ने अपने पास मौजूद धारदार चाकू से अर्जुन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अर्जुन लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। अर्जुन को बचाने के लिए उसकी महिला मित्र बीच में आई तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मानपाड़ा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्जुन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवती का इलाज जारी है।