शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे समेत चार आरोपी 24 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में ।

  • शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे समेत चार आरोपी 24 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में ।

डोंबिवली: शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी नगरसेवक रमेश म्हात्रे समेत चारों आरोपियों को कल्याण अदालत ने 24 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सोमवार को सभी आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। गौरतलब है कि डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद विष्णुनगर पुलिस ने नगरसेवक रमेश म्हात्रे सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अदालत ने उन्हें 13 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा था। पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद सोमवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया जाना था। इस दौरान रमेश म्हात्रे के वकीलों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई किए जाने की मांग करते हुए अदालत में आवेदन दिया, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई सुनवाई के बाद न्यायाधीश ने चारों आरोपियों को 24 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अदालत के आदेश के बाद रमेश म्हात्रे समेत सभी आरोपियों को कल्याण स्थित आधारवाडी जेल भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस अभी एक महिला आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार महिला आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे हिरासत में लेने की संभावना है।