6 जुलाई 2026 को केडीएमसी नगर निगम क्षेत्र के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित ।
डोंबिवली : लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) ने सोमवार 6 जुलाई 2026 को नगर निगम क्षेत्र के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है। केडीएमसी के शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी, अनुदानित, निजी, सभी माध्यमों और सभी बोर्डों के विद्यालयों में सोमवार को छुट्टी रहेगी। यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि अवकाश की सूचना तत्काल अभिभावकों तक पहुंचाई जाए। साथ ही यदि किसी विद्यालय में सुबह के सत्र के छात्र पहुंच गए हों, तो उन्हें सुरक्षित रूप से उनके घर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगा। यह आदेश केडीएमसी आयुक्त की स्वीकृति से प्रशासनिक अधिकारी भरत मानसाराम बोरनारे द्वारा जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से भी सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
